मप्र के पूर्व राज्यपाल ओपी कोहली का निधन कल दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार

भोपाल। मप्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ के पूर्व कार्यवाहक राज्यपाल रहे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश कोहली का सोमवार को निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। उनकी पौत्री कर्णिका कोहली ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दादाजी ओम प्रकाश कोहली का निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह 11:30 बजे नई दिल्ली के निगम बोध घाट पर होगा।

दिवंगत कोहली का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार से पहले मयूर विहार स्थित उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। कोहली के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा- हमारे अग्रज, मध्यप्रदेश के पूर्व राज्यपाल ओपी कोहली के रूप में देश ने अपने एक सच्चे सेवक को खो दिया। राष्ट्र व समाज सेवा के विशिष्ट कार्यों के माध्यम से आपा लोगों के हृदय में रहेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को यह गहन दु:ख सहने की शक्ति दें।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ओपी कोहली ने लंबे सार्वजनिक जीवन में अपनी कार्य-क्षमता और विद्वता के कारण काफी सम्मान अर्जित किया। वे गुजरात के राज्यपाल रहे। दिल्ली में भाजपा को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही।